कटरी क्षेत्र में मिले जंगली जानवरों के पैरों के निशान और कई जानवरों के शवों ने दहशत फैला दी है। जंगली जानवर के हमले से भयभीत ग्रामीण घर में दुबक गए हैं। जबकि वन विभाग के अधिकारियों को इस मामले की कोई खबर नहीं है।
सुबह कटरी में जानवर चराने निकले चरवाहों को कटरी क्षेत्र में जंगली जानवरों के पैरों के निशान मिले। चरवाहों ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने कटरी के आस पास इलाके में खोजबीन की तो कई जानवरों के शव मिले। ग्रामीणों का कहना है कि शवों को देखकर लग रहा था कि इसे किसी जानवर नोच कर खाया है। जंगली जानवरों से भयभीत ग्रामीण घरों में दुबके हैं।
कोटेदार रामजीत जैतपुर गढ़िया के रहने वाले हैं। उनके खेत में जंगली जानवर के पंजे देखे गए। लोग जब खेतों में काम करने गए तो सुआलाल, धर्मपाल, रज्जाक खां, बुद्घपाल और जवाहर आदि ग्रामीणों ने पंजों को अपनी आंखों से देखा। फिलहाल जब इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से बातचीत की गई तो उन्होंने पूरी तरह से अनभिज्ञता जाहिर की।