फर्रुखाबाद। भारतीय खाद्य संरक्षा व मानक प्राधिकरण नई दिल्ली से आई फूड सेफ्टी वैन में बाजारों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच की गई। पेड़े में स्टार्च, काली मिर्च में पपीते के बीज की मिलावट पाई गई। पानी अधिक टीडीएस का होने से अशुद्ध पाया गया।
नई दिल्ली से आई फूड सेफ्टी वैन को जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने कलक्ट्रेट परिसर से मंगलवार को झंडी दिखाकर रवाना किया। वैन से कस्बा कमालगंज व रजीपुर बाजार में लोगों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए तो पेड़े, कुल्फी व छेना में स्टार्च की मिलावट, साबुत हल्दी, उड़द की दाल में रंग व काली मिर्च में पपीते के बीज की मिलावट पाई गई।
स्थानीय लोगों के सबमर्सिबल के पानी की जांच कराई गई, जिसमें टीडीएस की अधिक मात्रा मिली। वैन के साथ आए विश्लेषक खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशीष वर्मा ने लोगों को जानकारी दी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय मौजूद रहे। सहायक आयुक्त खाद्य सय्यद शाह नवाज हैदर आबिदी ने बताया कि कुल 56 नमूनों की जांच की गई। इनमें नौ नमूने फेल हो गए।