फर्रुखाबाद। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में एएनएम के रुचि न लेने से जननी सुरक्षा योजना कमजोर है। घर बैठे पगार लेकर एक भी टीका न लगाने वाली जिले की 32 एएनएम चिह्नित की गई हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी की रिपोर्ट पर सीएमओ ने सीएचसी प्रभारियों को पत्र जारी कर एएनएम के खिलाफ कार्रवाई के साथ स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए हैं।
मातृत्व व शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए चलाई जा रही जननी सुरक्षा योजना जिले में टीकाकरण न होने से कमजोर हो रही है। मनमानी के चलते एएनएम गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण का सुरक्षा कवच नहीं पहना रही हैं। समय से जांचे और अल्ट्रासाउंड का भी लाभ नहीं मिल पा रहा है। इन समस्याओं को लेकर
अमर उजाला
ने 22 जनवरी के अंक में ‘स्वास्थ्य सेवाओं की उपेक्षा से दम तोड़ रही जननी सुरक्षा योजना’ शीर्षक से खबर को प्रकाशित किया था। इसका जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने संज्ञान लिया। उन्होंने सीएमओ को बुलाकर जवाब मांगा। इसी के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ. सर्वेश यादव ने समीक्षा की तो जिले के 32 उपकेंद्रों पर तैनात एएनएम ने एक भी टीकाकरण सत्र नहीं लगाया। इससे यूविन पोर्टल पर टीकाकरण रिपोर्ट शून्य है। इस पर सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने सीएचसी प्रभारी बरौन, कमालगंज, मोहम्मदाबाद, नवाबगंज व शमसाबाद को पत्र भेजा है। इसमें कहा सीएचसी मोहम्मदाबाद क्षेत्र के तीन, बरौन के नौ, नवाबगंज के 16, शमसाबाद के तीन व सीएचसी कमालगंज के एक उपकेंद्र पर एएनएम ने एक भी गर्भवती व शिशु को टीका नहीं लगाया। इससे यूविन पोर्टल पर टीकाकरण शून्य दिख रहा है। सीएमओ ने काम न करने वाली एएनएम के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए स्पष्टीकरण लेने के आदेश दिए हैं।
267 उपकेंद्र पर 284 एएनएम, फिर भी 14 पद रिक्त
जनपद में एएनएम की तैनाती में भी खूब मनमानी चल रही है। कहीं पदों से अधिक एएनएम तैनात हैं तो कहीं पद रिक्त चल रहे हैं। जिले में नगरीय सहित कुल 267 उपकेंद्रों के सापेक्ष 284 एएनएम तैनात हैं। इसके बावजूद 14 उपकेंद्रों पर एएनएम के पद रिक्त हैं। सीएचसी बरौन में सात, कमालगंज में आठ, नवाबगंज में छह व राजेपुर में सात एएनएम अतिरिक्त तैनात हैं। वहीं, कायमगंज में सात, शमसाबाद में दो, मोहम्मदाबाद में चार पद रिक्त हैं।
इस तरह चल रही तैनाती
ब्लाक - स्वास्थ्य उपकेंद्र - तैनात एएनएम - रिक्त पद
बढ़पुर - 24 - 31 - 00 - 7 अतिरिक्त
शमसाबाद - 32 - 32 - 02 -
कायमगंज - 36 - 30 - 07
कमालगंज - 43 - 51 - 00 - 8 अतिरिक्त
मोहम्मदाबाद - 45 - 41 - 04
नवाबगंज - 28 - 34 - 00 - 6 अतिरिक्त
राजेपुर - 30 - 37 - 00 - 7 अतिरिक्त
नगरीय पीएचसी
भोलेपुर - 03 - 03 - 00
आईटीआई - 05 - 05 - 00
नौलक्खा - 06 - 05 - 01
नवदिया - 03 - 03 - 00
रकाबगंज - 06 - 06 - 00
साहबगंज - 06 - 06 - 00
कुल उपकेंद्र - 267 - 284 - 14
-