जनधन खातों में 45 हजार से ज्यादा रुपये जमा होने पर बीपीएल कार्ड निरस्त होगा। नोट बंदी से देश की जनता बहुत खुश है। कालाधन जमा करने वालों को ही नोटबंदी अखर रही है। यह बात भाजपा के महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए मिश्रिख की सांसद अंजू बाला ने कही।
रविवार को पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम पर भाजपा का महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि व मिश्रिख की सांसद अंजू बाला ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही भ्रूण हत्या रोकने के लिए कठोर कानून बनाए जाऐंगे।
इन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले से काला धन रखने वालों की नींद उड़ गई है। उन्होंने कहा कि बसपा सुप्रीमो दलित की नहीं दौलत की बेटी हैं। कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी मीडिया में छपने के लिए चार लाख खर्च करके लाइन में लगकर चार हजार रुपये बदलने के लिए आते हैं।
क्या राहुल गांधी का खर्चा सिर्फ चार हजार रुपये से ही चल रहा है। सम्मेलन में आई महिलाओं से सांसद ने कहा कि आपके खाते का कोई दूसरा प्रयोग न करे इसका ध्यान रखना होगा। जनधन खातों में 45 हजार से ज्यादा रुपये जमा करने वालों के बीपीएल कार्ड निरस्त किए जाऐंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डा. कंचन जायसवाल, रीता शास्त्री, मिथलेश अग्रवाल, डा. रजनी सरीन, जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, शैलेंद्र राठौर, शिवांग रस्तोगी, डा. भूदेव राजपूत, डा. मुकेश राठौर, जिलाध्यक्ष ममता सक्सेना, सुमन राठौर, मीरा सिंह, मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन चित्रा अगिभनहोत्री ने किया।