कमालगंज। विवाहिता पुत्री को दिल्ली छोड़कर बस से लौट रहा अधेड़ जहर खुरानी गिरोह का शिकार हो गया। गिरोह के सदस्यों ने नशीला पदार्थ सुंघा कर मोबाइल, नगदी और अन्य सामान लूट लिया। वह छिबरामऊ बस अड्डे के पास पड़ा मिला। परिवार के लोग उसे कमालगंज सीएचसी ले आए। यहां से उसे लोहिया रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव पेरी गढ़िया दरौरा निवासी 45 वर्षीय सतेंद्र सिंह गुरुवार सुबह पुत्री नीरज को दिल्ली स्थित उसके पति के पास छोड़ने के लिए कन्नौज जिले के छिबरामऊ से बस गए थे। सतेंद्र पुत्री को छोड़कर देर रात बस से आ रहे थे। रास्ते में जहरखुरानों ने सतेंद्र को नशीला पदार्थ सुंघाकर नगदी, मोबाइल, कपड़े आदि सामान लूट लिया। छिबरामऊ बस स्टैंड किनारे बस परिचालक ने इन्हें उतार दिया। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे छिबरामऊ निवासी युवक ने परिजनों को फोन कर बेहोश अवस्था में पड़े होने की जानकारी दी। परिजन छिबरामऊ बस स्टैंड पहुंचे। सतेंद्र को बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज लेकर आए। यहां उपचार के दौरान सतेंद्र को होश नहीं आया तो लोहिया अस्पताल के लिए रेफर दिया गया। होश आने पर उसने बताया कि जहरखुरान उसके पास से 11 हजार रुपये, मोबाइल, कपडे़ व बैग ले गए। छोटा मोबाइल छोड़ गए थे। इससे एक युवक ने परिवार वालों को सूचना दी।