फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर राजस्व कार्य की समीक्षा की। उन्होंने नगर पालिका फर्रुखाबाद में टैक्स की नई दरें लागू करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने समीक्षा के दौरान स्टांप जांच गंभीरता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने एआईजी स्टांप को प्रतिदिन 4-5 मामलों की जांच करने के लिए कहा। आबकारी, परिवहन, बिजली, मंडी, नगर पालिका व नगर पंचायतों की राजस्व वसूली कम मिलने पर नाराजगी जताई।
डीएम ने कहा कि नगर पालिका फर्रुखाबाद में नई टैक्स दर लागू करें। मंडी सचिव धान खरीद पर विशेष ध्यान दें, जिससे लक्ष्य के सापेक्ष धान खरीदा जा सके। सभी एसडीएम क्रय केंद्रों का निरीक्षण करें और केंद्र प्रभारी किसानों से बात कर धान खरीदें।
नगर पालिका व नगर पंचायतों में अभियान चलाकर गोवंश पकड़ने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति, एसडीएम नरेंद्र सिंह, पदम सिंह, तहसीलदार आदि मौजूद रहे।