फर्रुखाबाद। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार जिला मुख्यालय के बजाये ब्लॉक मुख्यालयों से प्रश्न पत्र वितरित किए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा सचिव ने डीआईओएस से प्रश्न पत्रों को सुरक्षित रखने के लिए सभी ब्लॉक से दो-दो स्कूलों के नाम देने के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड परीक्षा के दौरान इस बार केंद्रों को एक साथ सभी प्रश्न पत्र नहीं भेजे जाएंगे। जिस दिन जिस विषय की परीक्षा होगी। उस विषय का प्रश्नपत्र उस दिन ही केंद्रों को भेजा जाएगा। ब्लॉक मुख्यालय से प्रश्नपत्र वितरण के लिए प्रत्येक ब्लॉकों के दो-दो स्कूलों को शामिल किया गया है।
सचिव के आदेश के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. आदर्श कुमार त्रिपाठी ने बढ़पुर ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज, केआर रस्तोगी इंटर कॉलेज का चयन किया है।
इसी तरह मोहम्मदाबाद ब्लाक में शक्ति सैनिक इंटर कॉलेज मौधा, भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज महेशनगर, कमालगंज ब्लाक में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिसामपुर को भी शामिल किया गया। इसके अलावा आरपी इंटर कॉलेज कमालगंज, राजेपुर ब्लॉक में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजेपुर, गंगापार महात्मा गांधी इंटर कॉलेज राजेपुर, नवाबगंज ब्लाक में रामदर्शनी राजकीय इंटर कॉलेज भटासा, राजाराम इंटर कालेज अचरा खलवारा में भी प्रश्नपत्र रखे जाएंगे।
शमसाबाद ब्लॉक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय माध्यमिक इंटर कॉलेज रोशनाबाद, सूर्य कुमारी इंटर कॉलेज मंझना, कायमगंज ब्लाक में एसएनएम इंटर कॉलेज कायमगंज और केएसआर इंटर कॉलेज कंपिल को चुना गया है। डीआईओएस ने बताया कि चुने गए 14 में से पांच विद्यालय राजकीय हैं।