समाधान दिवस में डीएम सख्त, 216 शिकायतें आईं, 15 का मौके पर निस्तारण
संवाद न्यूज एजेंसी
कायमगंज। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कड़ा रुख अपनाया। एक लेखपाल के निलंबन के निर्देश दिए गए, जबकि दो अन्य लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश जारी किए हैं।
क्षेत्र में ग्रामीणों से अभद्रता व धमकाने की शिकायत पर लेखपाल विजय पाल सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डीएम ने उनके निलंबन के निर्देश दिए। वहीं, गांव बलीपुर अटसैनी में गेहूं की फसल विवाद के मामले में जानकारी न दे पाने पर क्षेत्रीय लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश दिए गए। अकबरपुर गढ़िया निवासी शशिप्रभा की शिकायत पर मेड़बंदी संबंधी रिपोर्ट समय से न लगाने के मामले में क्षेत्रीय लेखपाल को भी प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई।गौरक्षक एवं किसान संगठन के पदाधिकारियों ने तहसील के एक अधिकारी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया, जिस पर डीएम ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। डीएम ने राजस्व विभाग की लंबित शिकायतों के निस्तारण के लिए विशेष टीम गठित कर 30 जून तक मामलों के समाधान के निर्देश दिए।
गांव मुड़ौल निवासी पूर्व प्रधान रामभजन ने स्वयं को सरकारी अभिलेखों में मृत दर्ज किए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि जीवित होने के बावजूद उनकी मृत्यु दर्ज कर प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ बंद हो गया है। बीडीओ राजेंद्र प्रसाद ने मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया।
समाधान दिवस में कुल 216 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 76, पुलिस की 54, विकास विभाग की 32, विद्युत विभाग की 28 तथा अन्य विभागों की 26 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया।
इस दौरान विधायक डॉ. सुरभि, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।