फर्रुखाबाद। माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आकस्मिक निरीक्षण किए जाएंंगे। स्कूल महानिदेशक के आदेश पर प्रभारी डीआईओएस ने पांच कॉलेजों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कहीं मेन्यू के अनुसार मिड-डे मील (एमडीएम) बनता नहीं मिला तो कही छात्रों को टाइम टेबल की जानकारी ही नहीं थी। संबंधित प्रधानाचार्यों को फटकार लगाते हुए सब कुछ ठीक करने की चेतावनी दी गई।
गुरुवार को प्रभारी डीआईओएस व जीआईसी फतेहगढ़ के प्रधानाचार्य एपी सिंह ने शहर के पांच माध्यमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। क्रिश्चियन इंटर कालेज में निरीक्षण करने पहुंचे प्रभारी डीआईओएस को वरिष्ठ व कनिष्ठ सहायक अनुपस्थित मिले। प्रधानाचार्य ने बताया कि कार्यालय का समय 9 से 3 का है। जबकि कॉलेज में सुबह 8 से दोपहर दो बजे तक पढ़ाई होती है। कक्षाओं में बैठे छात्रों से किस विषय की कक्षा है के बारे में जानकारी की। इस पर छात्र कोई जवाब नहीं दे सके। कॉलेज में महज कक्षा 9 और 10 में ही छात्र मौजूद मिले। प्रधानाचार्य को कक्षाओं में टाइम टेबल बनाकर चिपकाने तथा सभी बच्चों को टाइम टेबल के बारे में बताने के निर्देश दिए। स्वमी रामानंद बालक इंटर कॉलेज में भी टाइम टेबल बना नहीं पाया गया। स्वामी रामानंद बालिका इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्या अवकाश पर थीं। व्हाटसएप ग्रुप में उनके अवकाश का प्रार्थना पत्र पड़ा था। दो अन्य शिक्षिकाएं भी अवकाश पर बताई गईं। कॉलेज में 28 बच्चे मिले। एमडीएम में तहरी के स्थान पर चावल बनता मिला। उन्होंने मेन्यू के अनुसार भोजन बनवाने के निर्देश दिए। वहीं बच्चों से वाचनालय शुल्क लिए जाने की जानकारी करने पर पता लगा कि कॉलेज में वाचनालय नहीं है, इसके बावजूद शुल्क लेने पर उन्होंने हैरानी जताई। रस्तोगी इंटर कॉलेज और सिटी गर्ल्स बालिका इंटर कॉलेज में कक्षों में पढ़ाई होते मिली। नवनीत भारद्वाज आदि मौजूद रहे।