फर्रुखाबाद। बिजली विभाग के भी खेल निराले हैं। शहर में अव्यवस्थित तरीके से लाइनें बिछाने के बाद उन्हें संभालने में भी घोर लापरवाही हो रही है। मुख्य मार्ग पर ही कर्मचारियों ने एक भवन के बाहर पेड़ पर मीटर टांग दिया है। वहीं, पुलिस ऑफिस परिसर में बिजली कर्मचारियों ने पाम ट्री पर ही इंसुलेटर लगा दिया।
फतेहगढ़ स्थित पुराने पुलिस ऑफिस में पाम ट्री खड़े हैं। पास से ही बिजली की लाइन निकली है। तेज हवा चलने पर लाइन पेड़ से टकराती थी। फाल्ट होने से बिजली बंद हो जाती थी। लाइन में फाल्ट न हो, इसके लिए कर्मचारियों ने पाम ट्री में ही इंसुलेटर लगाकर तार बांध दिया। इसके चलते पाम ट्री का ऊपर का हिस्सा जलकर खत्म हो गया है। अब बिना पत्तों का पाम ट्री खड़ा है।
इसके अलावा शहर के नेकपुर में गायत्री इंटरनेशनल स्कूल से कुछ दूरी पर एक निर्माणाधीन मकान में कनेक्शन लिया गया। विभाग ने कनेक्शन जारी कर दिया और मीटर बाहर खड़े पेड़ पर लटका दिया। इसके अलावा कुछ दिन पूर्व तक भोलेपुर में भी एक पेड़ पर मीटर लटका था पर इन दिनों वह नजर नहीं आ रहा है।
क्रिश्चियन कॉलेज के लिए बंच कंडक्टर कुछ समय पहले डाला गया था। इसके लिए वहां नए पोल लगाए गए थे। पोल को सीधा रखने के लिए सपोर्ट वायर लगाए गए हैं। ठेकेदार के कर्मचारियों ने सपोर्ट वायर को जमीन में गड्ढा खोदकर न लगाने की जगह पेड़ में बांध दिया है। यदि सपोर्ट वायर में करंट आना शुरू हुआ तो यह पेड़ भी सूख जाएगा।
अधिशासी अभियंता शहरी कालेश्वर चंद्र ने बताया कि इन मामलों की जांच कराई जाएगी। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।