जिला कारागार का निरीक्षण कर निकलते डीएम व एसपी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। सेंट्रल व जिला जेल में फोर्स न मिलने से बंदियों को उपचार के लिए बाहर नहीं भेजा जा पा रहा है। डीएम व एसपी के निरीक्षण में यह बात सामने आई। इस पर डीएम ने दस-दस के समूह में गंभीर बीमार बंदियों को बेहतर इलाज के लिए जनपद से बाहर भेजने की व्यवस्था की बात कही। दोनों जेलों में दो सौ से अधिक बंदी बीमार हैं।
डीएम मानवेंद्र सिंह व एसपी डॉ. अनिल मिश्रा ने गुरुवार को फतेहगढ़ स्थित जिला व सेंट्रल जेल में तीन थानों की पुलिस के साथ औचक निरीक्षण किया। डीएम व एसपी के आदेश पर पुलिसकर्मियों ने बैरकों की सघन तलाशी ली। बंदियों की भी तलाशी ली गई, लेकिन फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। लेकिन दोनों जेलों में दो सौ से अधिक बंदी बीमार(टीबी, संक्रमण, कैंसर आदि) मिले।
बीमार बंदियों ने बताया कि इलाज के लिए बाहर के जिलों में जाना है। जेल प्रशासन फोर्स उपलब्ध कराने के लिए पत्राचार करता है। उसके बाद भी पुलिस लाइन से फोर्स मुहैया नहीं कराई जाती है। ऐसे में इलाज के लिए कई महीनों तक इंतजार करना पड़ता है। निरीक्षण के बाद डीएम ने बताया कि दोनों जेलों में दौ सौ से अधिक बंदी बीमार होने के बारे में पता चला है। इनको फोर्स की कमी से उपचार नहीं मिल पा रहा है। उनको फोर्स उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। फोर्स के साथ दस दस बंदियों के समूह को उपचार के लिए भेजा जाएगा। जेलों में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। सेंट्रल जेल अधीक्षक एसएचएम रिजवी, जिला जेल अधीक्षक विजय विक्रम सिंह, सीओ सिटी मन्नी लाल गौंड के साथ ही कई थानों का फोर्स मौजूद रहा।