नीलम के रोते बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
मोहम्मदाबाद। खीमसेपुर बहेलिया नगला गांव की सड़क पर सोमवार को एक श्रमिक की बच्ची खेलते समय ट्रैक्टर ट्राली से कुचल गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।
गांव निवासी श्रमिक सुनील कुमार की डेढ़ वर्षीय पुत्री नीलम सोमवार दोपहर करीब 12 बजे घर से कुछ दूर सड़क किनारे खेल रही थी। गांव सलेमपुर का गांधी उर्फ राजीव कोल्ड स्टोरेज में आलू उतारने के बाद बेवर की तरफ ट्रैक्टर ट्राली लेकर लौट रहा था। नियंत्रण न रख पाने से ट्रैक्टर-ट्राली का पहिया नीलम के ऊपर से गुजर गया। उसकी मौत हो गई।
यह देख ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को रोक कर चालक को पकड़ लिया। परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर चालक को थाने भेज दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पिता सुनील व मां रेखा रो-रो कर बेहाल हो गईं। सुनील के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। पुलिस ने सुनील की तहरीर पर चालक गांधी उर्फ राजीव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।