शमसाबाद। बच्चों के साथ खेल रहे एक मासूम की नलकूप के हौज में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शाम को ही मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर मांगलीपुर निवासी गोविंद सक्सेना का तीन वर्षीय पुत्र देवांश शुक्रवार दोपहर अपने घर के पास स्थित नलकूप के पास बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह हौज में भरे पानी में गिरकर डूब गया। बच्चों ने परिजनों को सूचना दी तो परिजन दौड़े। जब हौज से निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। देवांश पांच भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां तिलका व भाई रो-रोकर बेहाल हैं। थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है और न ही कोई तहरीर मिली है। (संवाद)