फर्रुखाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग के आदेश के बावजूद जनपद से अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों (एडेड) में तैनात शिक्षकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों व पंजीकृत विद्यार्थियों की सूचना विभाग शासन को नहीं भेज रहा है।
अक्टूबर में अपर शिक्षा निदेशक बेसिक कामता राम पाल ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को आदेश दिए थे कि एडेड जूनियर हाईस्कूलों में तैनात शिक्षकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों और कक्षा छह से आठ तक पंजीकृत छात्र-छात्राओं की सूचना निर्धारित प्रारूप पर भिजवा दी जाए। एक माह गुजरने के बाद भी अभी तक सूचना बेसिक शिक्षा विभाग को नहीं भिजवाई गई है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी गौतम प्रसाद ने बताया कि सूचना तैयार है। दीपावली के अवकाश व अन्य कारणों के चलते सूचना नहीं भिजवा सके। एक-दो दिन में मांगी गई सूचना भिजवा दी जाएगी। गौरतलब है कि जनपद में 50 एडेड जूनियर हाईस्कूल संचालित हैं। (संवाद)