घमंडी कूंचा स्थित ईशू का सूनसान पड़ा मकान
- फोटो : अमर उजाला
प्रेम में नाकाम युवक ने खुद को तमंचे से गोली मार ली। गोली लगने से घायल युवक को पुलिस ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी हालत चिंताजनक बताते हुए सैफई मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। घायल के पास से एक तमंचा, मोबाइल, घड़ी और एक सिम भी बरामद हुई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घमंडी कूंचा के रहने वाले ईशूू बंसल उर्फ भूरा पुत्र राधारमण फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मनोज अग्रवाल की बगिया में घायलावस्था में पड़ा मिला। आवास विकास पुलिस चौकी के सिपाही दिव्याकांत और होमगार्ड रामप्रकाश ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। उसके पास से बरामद हुए पत्र के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई।
लोहिया अस्पताल के डा. राजकिशोर ने उसकी हालत को चिंताजनक बताते हुए मेडिकल कालेज सैफई रेफर कर दिया। ईशू के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ। उसमें लिखा है कि वह जो कुछ भी कर रहा है। उसकी जिम्मेदार शाहजहांपुर की रहने वाली उसकी रिश्तेदार है। उसने पत्र में लड़की को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। युवक के पास से मिले पत्र से समझा जा रहा है कि प्रेम में नाकाम होकर उसने आत्महत्या का फैसला लिया और अपने माथे में गोली मार ली।
315 बोर के तमंचे से मारी गई गोली का बुलेट उसके दिमाग के अंदर फंसा है। साधारण परिवार में जन्म ईशू बंसल के इस कृत्य को लेकर शहर भर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल ईशू का पूरा परिवार इस समय सैफई में डटा है। उसके घर पर ताला लगा हुआ है।