कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के जसमई बाईपास के पास कार और ट्रक की भिड़ंत में कार सवार 13 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को लोहिया अस्पताल मेें भर्ती कराया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। कार चालक ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रक सामने आ गया। जिससे हादसा हो गया।
जिला बंदायू के उसैत थाना क्षेत्र के गांव किसनीखेरा निवासी मेमजादी पत्नी अंसार की रिश्तेदार नाजिरा पत्नी अकरम शहर के मोहल्ला पांचालघाट में रहती हैं। नाजिरा के घर गमी हो गई थी। जानकारी होने पर मेमजादी परिवार के सहरोज बेगम पत्नी रहीस, मुनीश, शगरा पत्नी जलाल खां, अजरा पत्नी रियाज, रहीमुल्ल, रियाज खां, खुदला बेगम पत्नी शाह मोहम्मद, शबीना पत्नी रियासत, अख्तियार, अब्दुल खलिक, सोनी पत्नी पप्पू कार से आ रहे थे। कार उसैत निवासी कौशर अली चला रहा था। सोमवार सुबह 11 बजे के आसपास मऊदरवाजा के जसमई बाईपास के पास से कार गुजर रही थी। कोहरा होने के कारण सामने से आ रहा ट्रक और कार में भिड़ंत हो गई। कार चालक समेत सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना को देखकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। इस दौरान वहां पर भीड़ जमा हो गई। ट्रक चालक वाहन छोड़ कर भाग गया। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया। एंबुलेंस से घायलों को आनन फानन में लोहिया अस्पताल लाया गया। एक साथ 13 लोगों के आ जाने से अस्पताल में अफरातफरी का माहौल हो गया। यहां मौजूद डॉक्टर राजेश तिवारी और स्टाफ ने घायलों का इलाज किया। महिलाओं की चीखपुकार से इमरजेंसी के बाहर भीड़ जमा हो गई। चालक कौशर अली ने बताया कि कोहरे के कारण अचानक ट्रक सामने आ गया। जिससे घटना हो गई। वहीं घायलों ने बताया कि वह लोग गमी में जा रहे थे। उन लोगों को पता ही नहीं लगा कि कब दुर्घटना हो गई।