फर्रुखाबाद। शहर में बिजली संकट से गर्मी में बिलबिलाए लोगों ने रात में ठंडी सड़क उपकेंद्र घेरकर जाम लगा दिया। अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बिजली चालू कराने का आश्वासन देकर भीड़ को शांत करने का प्रयास करती रही।
शहर में फीडरों पर लोकल फाल्ट बढ़ने से बिजली संकट गहरा गया है। ओवरलोड के चलते जर्जर केबलों में आग लग रही है। ठंडी सड़क उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को बुधवार सुबह 11 बजे से बिजली नहीं मिली। इससे भीषण गर्मी में पूरे दिन लोग बिलबिलाते रहे। रात में भी बिजली न मिलने से उनका धैर्य जवाब दे गया। मोहल्ला मदारवाड़ी व श्यामनगर के लोग एकत्र होकर उपकेंद्र पर जा धमके। वहां बिजली अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। इस बीच जेई अजय बाबू अपना मोबाइल स्विच आफ कर उपकेंद्र से खिसक गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को किसी तरह समझाया। एसडीओ मुकेश चंद्र राव ने कर्मचारियों को फाल्ट ढूंढने में लगा दिया। इसके अलावा रात में आंधी आने से जसमई उपकेंद्र के सिटी व आरएमआर फीडर पर फाल्ट से आधे शहर की बिजली गुल रही। पांचालघाट उपकेंद्र के फीडरों पर फाल्ट बढ़ते जा रहे हैं। हालात यह हैं कि शहरी उपभोक्ताओं को 15 घंटे भी बिजली मिलना मुश्किल है। जर्जर केबिल न बदले जाने से बिजली संकट गहराता जा रहा है। ठंडी सड़क उपकेंद्र पर देर रात लोग मौजूद रहे। बिजली कर्मचारी भी आपूर्ति चालू करने के लिए कवायद में जुटे रहे।