फर्रुखाबाद। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को लिए भूमिगत पाइपलाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप की वजह से शनिवार को दूसरे दिन भी 12 हजार घरों में पानी नहीं पहुंचा। पालिका ने देर शाम तक मरम्मत का काम पूरा करने का दावा दिया। रविवार सुबह से भरपूर पानी मिलने लगेगा।
गुरुवार रात फतेहगढ़ तिर्वा कोठी मोड़ पर भूमिगत लाइन डालने के दौरान 200 एमएम की पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन फट गई। इससे शनिवार सुबह से ही तलैया लेन, ग्वालटोली, नवदिया, बरगदिया घाट, बजरिया, तिर्वा कोठी, जाफरी, गोला कोहना, बजाजा, दालमंडी व गाढ़ी खाना आदि मोहल्लों के करीब 12 हजार घरों की पानी आपूर्ति ठप हो गई।
पालिका के कर्मचारी शनिवार को दिन भर पाइपलाइन की मरम्मत में लगे रहे। पेयजलापूर्ति बंद होने के बावजूद नगर पालिका ने मोहल्लों में टैंकर से पानी पहुंचाने की जरूरत नहीं समझी।
नगर पालिका के जलकल जोन प्रभारी ब्रजभूषण सिंह ने बताया कि शनिवार को ही मरम्मत का काम पूरा करने के बाद आपूर्ति बहाल करने की टेस्टिंग कर ली जाएगी। रविवार सुबह से सभी घरों को भरपूर पानी मिलने लगेगा।
तिर्वा कोठी निवासी आशीष कुमार ने कहा कि बड़े लोगों के यहां तो सबमसर्बिल लगा है। उन्हें पानी की चिंता नहीं है। हम लोग तो पाइपलाइन के सहारे ही हैं। पाइपलाइन ठीक न होने से हैंडपंप से पानी भरने को मजबूर हैं।
तिर्वा कोठी निवासी सुनील कुमार ने बताया कि चुनाव के दौरान नेताओं से हम लोगों ने पेयजल की समस्या बताई थी। इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया गया।
मयंक कुमार का कहना था कि हैंडपंप से ही पानी भरने को मजबूर हैं। आए दिन पाइपलाइन खराब हो जाती है। नगर पालिका भी कोई ध्यान नहीं दे रही।
राजवीर ने कहा कि दूसरा दिन होने जा रहा है और अभी तक पाइपलाइन ठीक नहीं हो सकी है। सरकार वादे तो बड़े-बड़े कर रही, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है।