फर्रुखाबाद। रेलवे रोड स्थित एक जिम में शार्ट सर्किट से आग लग गई। भनक लगते ही व्यायाम कर रहे करीब 20 युवक-युवतियां चीख-पुकार कर बाहर भागे। दुकानदारों ने आग बुझाने के अग्निशमन यंत्र से व बालू डालकर आग पर काबू पाया।
शहर के रेलवे रोड स्थित स्टेट बैंक के पास बीएस मेंशन के भूतल पर फतेहगढ़ निवासी दुर्गेश चौहान जिम संचालित करते हैं। शाम की शिफ्ट में करीब 20 युवक-युवतियां जिम के अंदर थे। करीब सवा छह बजे अचानक गेट पर तारों में शार्ट सर्किट से आग लग गई।
आग का धुआं व लपटें अंदर की ओर गईं तो जिम के अंदर भगदड़ मच गई। कुछ ही देर में युवक व युवतियां बाहर भाग निकले। आसपास के दुकानदारों ने अपने यहां रखे आग बुझाने के सिलिंडर व बालू आदि लेकर आग बुझाने लगे। करीब आधा घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।