फर्रुखाबाद। जाम की समस्या को लेकर शहर से बाहर टेंपो के रूट तय होने के विरोध में चालकों ने सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। टेंपो चालकों ने शहर में नई व्यवस्था लागू न किए जाने की मांग की है।
टैक्सी एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल गुप्ता टेंपो चालकों के साथ सुबह कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा कि कोरोना महामारी में टेंपो चालक भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। टेंपो संचालन की नई प्रणाली लागू होने से वे बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने पहले की तरह सभी टेंपो रेलवे स्टेशन, आईटीआई चौराहा लालगेट, बस स्टैंड से होते हुए जिला जेल चौराहे तक चलने की अनुमति देने, भोलेपुर से मसेनी होते हुए पांचाल घाट व लालगेट से पांचाल घाट, कमालगंज से फतेहगढ़ तक टेंपो संचालन होने देने की मांग की।
इसके अलावा कोरोना काल में टेंपो न चल पाने से किस्त में छूट देने और कागज बनवाने में छूट दिए जाने की भी मांग की। ज्ञापन पर संजू गुप्ता, राघवेंद्र, दीपक यादव, मनोज कुमार सहित 100 से अधिक टेंपो चालकों के हस्ताक्षर हैं।
विदित है कि शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट ने एआरटीओ, ईओ, पुलिस व टेंपो चालकों के साथ बैठक कर शहर से बाहर टेंपो संचालन के लिए सात रूट तय किए थे। इसके लिए अंतिम निर्णय की सात जुलाई की तिथि निर्धारित की थी। इससे पहले से टेंपो चालकों ने नई प्रणाली के विरोध में जिलाधिकारी को पांच सूत्री ज्ञापन सौंप दिया।