जिले में आए डीआईजी ने पुलिस कर्मियों को भाषा शैली में सुधार लाने की
नसीहत दी। साथ ही पेट्रोल पंप डकैती की वारदात के खुलासे के भी निर्देश
दिए। इससे पहले उन्होंने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया और अच्छे काम के लिए
पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत भी किया।
डीआईजी नीलाब्जो चौधरी शुक्रवार को
जिले में थे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस कर्मियों के
पब्लिक से व्यवहार पर असंतोष जताया। उन्होंने साफ कहा कि एसओ और इंस्पेक्टर
के भाषा शैली में सुधार लाने की जरूरत है। जनता के साथ वे अच्छा व्यवहार
करें। ताकि लोगों के लिए पुलिस मित्र बन सके। दावा किया कि जिले में
अपराधाें में कमी आई है। बताया कि कंट्रोल रूम को माडर्न बनाने की तैयारी
की जा रही है। इसका प्रस्ताव एसपी से मांगा गया है।
कानपुर देहात में भी
आधुनिक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। कानपुर नगर और इटावा में कंट्रोल रूम
तैयार हो चुके हैं। इनसे पुलिस की निगरानी में काफी आसानी होती है। बताया कि शहर कोतवाली में पेट्रोल पंप डकैती के मामले के खुलासे
के लिए निर्देश दिए गए हैं। फिर दोहराया कि सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश
दिए गए हैं कि वह अपनी भाषाशैली में नम्रता लाएं। जिससे जनता उन पर
विश्वास करे।
इससे पहले डीआईजी सुबह पुलिस लाइन पहुंचे। यहां पर परेड का मुआयना किया। अच्छी वर्दी पर हेड कंास्टेबिल अजमेर सिंह
भदौरिया और इनकी टीम को भी इनाम दिया गया। डीआईजी लाइन में स्थित रसोई गैस
गोदाम पहुंचे। यहां पर पुलिस कर्मियों से गैस मिलने के बारे में जानकारी
की। उन्होंने पीएसी मैस में जाकर खाना चेक किया। अच्छा खाना होने पर
फालोअर को इनाम देने को लिए कहा। पुलिस अस्पताल में डाक्टर नहीं मिले।
हालांकि दौरे को लेकर बेड की चादरें बदल दी
गई थीं। पूछने पर फार्मासिस्ट
ने बताया कि कोई मरीज भर्ती नहीं होता है। डाक्टर की तैनाती के लिए डीआईजी
ने एसपी से लिख कर भेजने को कहा। पुलिस लाइन की मैस में भोजन को खाकर चेक
किया। प्रति आदमी करीब 26.50 रुपये डाइट की जानकारी पर इसे 25 रुपये करने
के निर्देश दिए। सरसों पेराई मशीन जाला लगा था। इसमें गंदगी भी थी। एसपी
ने
सफाई के लिए आरआई को निर्देश दिए। पेयजल की पाइप लाइन में लीकेज था।
शस्त्रागार में पहुंच कर डीआईजी ने मैगजीन खोल कर देखी। सीओ मोहम्मदाबाद
योगेश कुमार से एसएलआर खुलवाई। शस्त्रागार में डाकू जर्मन सिंह की राइफल
भी देखी। इसके बाद एसपी आफिस पहुंचे। बाबू देवेंद्र शर्मा को अभिलेखों को
सही तरीके से लगाने के लिए इनाम दिया।
मऊदरवाजा थाने के शौचालय से बदबू पर नाराजगी
डीआईजी
निलाब्जो चौधरी दोपहर बाद थाना मऊदरवाजा पहुंचे। यहां आफिस और शस्त्रागार
में रखे शस्त्रों को चेक किया। शौचालय से बदबू आने पर नाराजगी जताई।
रजिस्टर नंबर आठ में खामियां मिलने सही करने के निर्देश दिए। बजरिया चौकी
प्रभारी जगमोहन भदौरिया के मुकदमे में खामियां मिलने पर उन्हें बुलाया गया।
वह नदारद थे। एसओ सुनील यादव को चौकी प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगने के
निर्देश दिए। वारंटियों की गिरफ्तारी कम होने पर नाराजगी जताई। एसओ ने
अपने
कार्यकाल में अधिक वारंटियों के पकड़े जाने की जानकारी दी। डीआईजी ने
अभिलेखों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। कोतवाली कायमगंज के गांव रूटौल
निवासी सुखदेवी अपने परिवार के लोगों के साथ पहुंची। उसने बताया कि उसके
बेटे नरवीर की हत्या कर दी गई। अभी तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की
जा रही है। इस पर उन्होंने एसपी से इस संबंध में वार्ता की। डीआईजी ने
गांव नगला बजीर खरबंदी के चौकीदार जागेश्वर की मूछें देखकर 100 रुपये का
इनाम दिया।