कायमगंज क्षेत्र में भैंस की पूंछ पकड़कर गंगा पार करने के प्रयास में एक
किशोर डूब गया। तमाम खोजबीन के बाद उसका दूसरे दिन भी पता नहीं लग सका
है।गांव के लोग शमसाबाद ढाईघाट तक छात्र की तलाश में जुटे हैं। उधर,
प्रशासन की ओर से कोई प्रयास नहीं किया गया।
गांव चौखडिया निवासी स्व.
रामरक्षपाल यादव का 15 वर्षीय पुत्र अनूप मंगलवार को भैंस चराने गया था।
उसके साथ गांव का ही रिश्ते का चाचा शिशुपाल भी गया था। गांव से कुछ दूर
गंगा को पार करने के लिए दोनों ने एक-एक भैंस की पूंछ पकड़ ली। शिशुपाल तो
गंगा पार कर गया लेकिन पीछे आ रहे अनूप के हाथ से पूंछ छूट गई। इससे वह
पानी में बह गया। पार होने के बाद शिशुपाल ने देखा तो अनूप उसे नजर नहीं
आया। उसके जानकारी देने पर गांव के लोग गंगा किनारे पहुंचे और अनूप
की खोज
में लग गए। देर रात तक अनूप का पता नहीं चला। बुधवार की सुबह भी खोज जारी
रही लेकिन वह नहीं मिला। अनूप के घर में मां कांता देवी, दादी रामलली और
सबसे छोटी बहन रिंकी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि
अनूप
के डूबने की सूचना कल ही लेखपाल को दी थी। प्रशासन की ओर से कोई हाल पूछने
तक नहीं आया। एसएसआई मेघनाथ सिंह ने बताया कि मामला कंपिल थाने का है।
एसडीएम बीडी वर्मा ने बताया कि छात्र लापरवाही से लापता हुआ है। इस कारण
परिवार को कोई सहायता नहीं दी जा सकती।