कायमगंज में कोतवाली पुलिस व खनन निरीक्षक ने अलग स्थानों से बालू व मिट्टी भरी दो ट्रैक्टर ट्राली पकड़ीं। मिट्टी भरी ट्राली को सीज कर दिया गया। बालू के मामले में खनन निरीक्षक ने क्तवाली में अवैध खनन के आरोपमें मुकदमा दर्ज कराया है।
क्षेत्र में रात के अंधेरे में अवैध बालू खनन जोरों पर चल रहा है। शनिवार रात पुलिस ने गांव मोती नगला के पास एक ट्रैक्टर ट्राली को अवैध खनन कर बालू ले जाते हुए पकड़ लिया। चालक भाग गया। पुलिस ने बालू भरा ट्रैक्टर कोतवाली में खड़ा कर दिया।
सूचना पर खनन अधिकारी राजीव रंजन पहुंचे। उन्होंने ट्रैक्टर मालिक नीरज राजपूत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक नीरज लंबे समय से चोरी छिपे बालू खनन का काम कर रहा है। उसके खिलाफ वाहन चोरी का एक मुकदमा पहले से दर्ज है।
खनन निरीक्षक ने गांव रुटौल के पास अवैध खनन कर लाए जा रहे मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ लिया। इसे सीज कर दिया। उन्होंने बताया अवैध मिट्टी के मामले में जुर्माना वसूला जाएगा। इसके अलावा गांव विराहिमपुर के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ी गई। चालक अलीगंज से बालू लाकर बेंचता था। वह बालू पलटकर जा रहा था। पुलिस ने ट्रैक्टर को कागज न दिखा पाने पर सीज कर दिया।