फर्रुखाबाद। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने चार वर्षीय अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम (FYUP) के तहत फैब्रिक और अपैरल डिजाइन में बीएससी कार्यक्रम शुरू किया है। यह जानकारी इग्नू क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार मिश्र ने डीएन कॉलेज फतेहगढ़ स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. आरएन सिंह को दी।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम स्कूल ऑफ कंटिन्यूइंग एजुकेशन (एसओसीई) के माध्यम से जनवरी 2026 प्रवेश सत्र के लिए शुरू किया गया है।केंद्र के समन्वयक ने बताया कि यह रचनात्मक कार्यक्रम मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा (ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग) मोड में संचालित होगा। इसे यूजीसी के करिकुलम और क्रेडिट फ्रेमवर्क के अनुसार डिजाइन किया गया है।
बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को टेक्सटाइल साइंस, फैशन डिजाइन और गारमेंट कंस्ट्रक्शन में मजबूत सैद्धांतिक और व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना है। कार्यक्रम में इनोवेशन, सस्टेनेबिलिटी और पेशेवर दक्षता पर विशेष जोर दिया गया है।
कार्यक्रम में प्रवेश के लिए विज्ञान विषय के साथ 10+2 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। शिक्षा का माध्यम अंग्रेजी होगा और वार्षिक शुल्क 11 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इग्नू इस पाठ्यक्रम में प्रत्येक वर्ष प्रमाणपत्र देगा। पहले वर्ष के बाद यूजी प्रमाण पत्र, दूसरे वर्ष के बाद यूजी डिप्लोमा, तीसरे वर्ष के बाद बीएससी और चौथे वर्ष के बाद बीएससी ऑनर्स की उपाधि दी जाएगी। अध्ययन सामग्री प्रिंट और डिजिटल दोनों रूपों में उपलब्ध कराई जाएगी।