ब्लाक राजेपुर क्षेत्र के गांव डबरी और कड़क्का का मंगलवार को जिलाधिकारी
एनकेएस चौहान ने शीतकालीन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन में
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि जिन ग्रामीणों के खेत में
बालू है, वह लोग एसडीएम से अनुमति लेकर बालू हटवा सकते हैं। यहां डीएम के
सामने ही शिकायत करने वाले लड़ बैठे। इस पर इनका शांतिभंग में चालान कर
दिया गया।
डीएम से ग्रामीणों ने शिकायत की कि पट्टों और चकरोडों पर
दबंगों के कब्जे हैं। इस पर उन्होंने उप जिलाधिकारी को जांच कराकर कब्जा
हटवाने के निर्देश दिए। खतौनी में दोहरे नाम अंकित होने की शिकायत पर
लेखपाल को 4 जनवरी तक गांव में रुककर सारे विवादों का निस्तारण करने के
आदेश दिए। उन्होंने एसडीएम से कहा कि ऐसा न करने पर लेखपाल को निलंबित किया
जाए।
नाली की शिकायत पर जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे तो शिकायत करने वाले
महेश, प्रमोद और नितिन आपस में झगड़ा करने लगे। इस पर डीएम के आदेश पर एसओ
ने तीनों का शांतिभंग में चालान कर दिया। इसके बाद डीएम गांव कड़क्का
पहुंचे। यहां सफाई कर्मचारी संजीव मिश्रा की शिकायत की गई कि वह गांव में
सफाई करने के लिए नहीं आता है। इस पर डीएम ने सफाई कर्मचारी को निलंबित
करने के आदेश डीपीआरओ को दिए। राशन वितरण प्रक्रिया ठीक देख उन्होंने
कोटेदार जितेंद्र यादव की पीठ थपथपाई।
डीएम ने कहा कि ठंड में गरीब लोग
ब्लाक या तहसील कार्यालय में आकर कंबल प्राप्त कर लें। इस अवसर पर एसडीएम
लालजी मिश्रा, बीडीओ देवेंद्र सिंह चौहान, एडीओ पंचायत शैलेंद्र त्रिपाठी
और आलोक दुबे आदि मौजूद रहे।