फर्रुखाबाद। जिले में गुरुवार को ईद मीलादुन्नबी पर्व जोश व खरोश के साथ मनाया गया। शहर में अकीदत व मोहब्बत और सद्भावना का सैलाब सुधबुध खोकर पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा की यौमे पैदाइश की खुशी में रमा दिखा। कहीं कुरआन ख्वानी हुई तो कहीं नातिया मजलिसें सजाई गईं। सुबह युवकों ने बाइक जुलूस निकाला तो सायंकाल सीरत कमेटी के संयोजन में निकले भव्य जुलूस में अमन, सलामती का पैगाम दिया गया।
जुलूस में सभी मजहब के प्रमुख हस्तियों ने शिरकत कर जिले की कौमी एकता का संदेश दिया। जुलूस में जहां इस्लामी नारे लगते रहे। वहीं हर जुबान पर या नबी सलाम अलैक का तराना गूंजता रहा। इसमें बड़ों के साथ बच्चे भी पीछे नहीं रहे। सभी का मकसद एक था पैगंबर इस्लाम से अकीदत का इजहार। यह मंजर शहर में ही नहीं, बल्कि पूरे जिले में दिखाई दिया।
मुसलमानों ने हजरत मोहम्मद मुस्तफा की यौमे पैदाइश का जश्न जज्ब-ए-अकीदत के माहौल में मनाया। सुबह से ही घरों और इबादतगाहों में कुरआन, नातिया, कलाम और सलाम की आवाजें गूंजने लगीं। युवकों और बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। सुबह युवाओं ने टाउनहाल से विशाल बाइक जुलूस निकाला, जो शहर के विभिन्न मोहल्लों में घूमा। वहीं सायंकाल टाउनहाल तिराहे से सीरत कमेटी की तरफ से जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया।
जुलूस शुरू होने से पहले हाफिज हारुन ने कुरआन की तिलावत की। कमेटी अध्यक्ष शाह फसीह मुजीबी ने लोगों को जुलूस के आदाब बताकर अनुशासन का सबक दिया। टाउनहाल से घुमना अंजुमन तक के रास्तों को बिजली की रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया था। जुलूस के आगे पैगंबरे इस्लाम का अमन व सलामती का पैगाम देते बैनर थामे लोग और सब्ज परचम थामे घुड़सवार बच्चे आकर्षण का केंद्र बने रहे।
आकर्षक ढंग से सजे वाहन पर शाह फसीह मुजीबी और काजी मुताहिर अली दरुद व सलाम के नजराने पेश करते चल रहे रहे थे। कमेटी सदस्य सलीम हैदर, सैयद वाकर अली, मोहम्मद हसीन, हाजी शराफत खां, नफीस अहमद, शकील हुसैन, नदीम खां, आसिफ अली, फैसल रईस, नवी शेर खां और आजाद खां आदि दूसरे समुदाय के प्रमुखों का स्वागत करने की जिम्मेदारी लिए थे। जुलूस जैसे-जैसे आगे बढ़ा भीड़ भी बढ़ती रही। त्रिपोलिया चौक पर मौलाना सदाकत हुसैन ने सीरत रसूल का पैगाम दिया।
इस अवसर पर असलम शेर खां, मोहम्मद शमीम खां, नासिर अली, हाजी अकरम अंसारी, हाजी अहमद अंसारी, सलीम अंसारी, वसीम जमा, मोहम्मद शाहिद अंसारी, खुर्शीद खां, मोहम्मद असलम अंसारी और आफताब हुसैन आदि मौजूद रहे। आम आदमी पार्टी ने बजरिया में जुलूसे मोहम्मदी का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला सचिव राकेशचंद्र अग्निहोत्री, राकेश शुक्ल, प्यारे वारसी, गौतम कश्यप, रामकिशन, अशफाक हुसैन और बेबीजहां आदि मौजूद रहीं।