कमालगंज (फर्रुखाबाद)। बरेली में हुई हिंसा के बाद कुछ युवकों ने गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़कर आई लव मोहम्मद का झंडा लगा दिया। दूसरे गांव में दीवार पर पेंटिंग की गई। बृहस्पतिवार को झंडे लगे होने का एक वीडियो भी ट्वीट किया गया।
इसके बाद हरकत में आई पुलिस गांव पहुंची और टावर से झंडा हटवाया। पुलिस ने भूमि स्वामी कोटेदार को हिरासत में लेकर झंडा लगाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। कोटेदार को छोड़ युवकों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव नसरतपुर में लगे मोबाइल टावर पर चढ़कर कुछ युवकों ने आई लव मोहम्मद का झंडा लगा दिया। झंडे में अंग्रेजी में एस डब्ल्यू एम लिखा है, इसके नीचे तलवार बनी है। इसके अलावा जहानगंज थाना क्षेत्र के करीमगंज गांव के निकट एक मुर्गी फार्म के पास दीवार पर भी पेंटिंग से आई लव मोहम्मद लिखा गया।
बृहस्पतिवार को एक्स पर दोनों वीडियो ट्वीट किए गए तो क्षेत्र में माहौल गर्मा गया। वीडियो ट्वीट होने की जानकारी होने पर पुलिस की टीम नसरतपुर पहुंची। पुलिस ने टावर से झंडा उतरवाया और भूमि स्वामी कोटेदार को हिरासत में लेकर थाने ले आई। यहां उससे झंडे लगाने वालों के बारे में पूछताछ की गई। देर रात पुलिस ने झंडा लगाने वाले गांव के तौहीद आलम व मो कैफ को गिरफ्तार कर लिया।
उधर पुलिस के सक्रिय होने की भनक लगते ही लोगों ने करीमगंज गांव में दीवार पर लिखे आई लव मोहम्मद पर सफेद रंग से पेंटिंग कर साफ कर दिया। हिरासत में लिए गए कोटेदार के पुत्र ने बताया कि झंडा लगने के बाद उसने तुरंत ही टावर के ऑपरेटर को जानकारी दे दी थी। जमीन उनकी है, लेकिन झंडा लगाने में उनका सहयोग नहीं है। रात में पुलिस ने पूछताछ कर कोटेदार को छोड़ दिया।
सूत्रों के मुताबिक अन्य गांव में भी युवकों ने पोस्टर लगाए हैं। गौरतलब है कि इस झंडे व पोस्टर को लेकर कुछ दिनों पहले बरेली में विवाद हुआ था, जो कि हिंसा में बदल गया था। शुक्रवार दोपहर पुलिस ने पूछताछ करने के बाद तौहीद आलम व मो. कैफ का शांतिभंग में चालान कर दिया।
इस मामले में जहानगंज थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही दीवार पर बनी पेंटिंग साफ कर दी गई। क्षेत्राधिकारी अमृतपुर संजय वर्मा ने बताया कि जानकारी मिलते ही झंडा हटवा दिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामला चर्चा में बना है।
फोटो-04, कमालगंज के नसरतपुर में टावर पर लगा झंडा। स्रोत:वीडियो ग्रैब