फर्रुखाबाद। विकास भवन सभागार में हुए किसान दिवस के दौरान बृहस्पतिवार को महिला ने सीडीओ से शिकायत की। कहा कि मैं जीवित हूं, मेरी पेंशन चालू करा दीजिए। प्रधान व सचिव ने मनमाने तरीके से मृत दिखाकर वृद्धावस्था पेंशन बंद करा दी। सीडीओ ने जांच कराने के आदेश दिए।
राजेपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत चिड़िया महोलिया के मजरा बेहटा रेंगापुर निवासी रामकली ने मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ से शिकायत की कि उसे वृद्धावस्था पेंशन मिलती थी। उसकी पंजीकरण संख्या 313410623321 है। पेंशन के लिए किए गए वार्षिक सत्यापन में प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी ने उसे मृत दिखाकर पेंशन बंद करा दी। वृद्धा ने जांच कराकर पेंशन पुन: चालू कराने की मांग की। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को वृद्धा की पेंशन चालू कराने व सत्यापन करने वाले सचिव के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।