जहानगंज/कमालगंज। मायके से पत्नी के घर न आने से परेशान युवक ने अंगौछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शव देख बच्चों ने इसकी सूचना परिजन को दी। पुलिस ने पहुंच शव को कब्जे में लेकर जांच की। घटना से परिजन बेहाल हैं। तीन दिन पूर्व युवक मायके से बच्चों को लेकर घर आया था।
थाना क्षेत्र के गांव बिढै़ल निवासी उमेश शर्मा (35) का लंबे समय से उसकी पत्नी रेखा शर्मा से मनमुटाव चल रहा है। रेखा तीन बच्चों के साथ हरदोई जिला के शाहबाद स्थित मायके में रह रही हैं। शुक्रवार को उमेश पत्नी व बच्चों को बुलाने गया था। पत्नी ने आने से इन्कार कर दिया और दो बच्चों को उमेश के साथ भेज दिया।
इसको लेकर वह परेशान चल रहा था। रविवार शाम करीब 4:30 बजे उमेश ने घर के बाहर बने दूसरे मकान में अंगौछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद बच्चों ने शव लटका देखा तो इसकी सूचना घर वालों को दी। घटना से परिजन बेहाल हो गए। मामले की जानकारी होते ही थानाध्यक्ष राजेश राय, राजपूताना चौकी प्रभारी उदयवीर सिंह टीम के साथ पहुंचे।
भाई धीरज ने बताया कि करीब चार वर्षों से भाभी रेखा मायके में रह रही हैं। उनके तीन पुत्र सूरज, बाशु व किट्टू हैं। उनका विवाह लगभग 16 वर्ष पहले हुआ था। शव देख मां मैकिन्ना देवी बिलखतीं रहीं। थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। (संवाद)