HT line collapses, 40 villages get power failure
एचटी लाइन का तार टूटकर घर के ऊपर गिरने से हादसा होने से बचा। तार टूटने के कारण 40 गांवों की रात भर बिजली गुल रही। दिन में तार जोड़ने गए कर्मचारियों से ग्रामीण का विवाद हो गया। उसने कर्मचारियों को भगा दिया। जेई ने ग्रामीण के घर पहुंच कर उसको समझाकर शांत किया और तार जोड़कर गांवों की बिजली चालू कराई।
हजियापुर विद्युत उपकेंद्र के हरसिंहपुर फीडर की 11 केवी लाइन उलियापुर गांव से निकली है। 11 केवी के तार उलियापुर निवासी इंद्रेश यादव के मकान के ऊपर से निकले हुए हैं। इनको हटाने के लिए इंद्रेश यादव कई बार विभागीय अधिकारियों से मांग कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई न होने से तार नहीं हट सके।
रविवार की रात करीब 12 बजे 11 केवी का तार टूट कर इंद्रेश के मकान पर गिर गया। जमीन में तार टच होने से आंगन में चिंगारी गिरी। इससे परिवार के लोग जाग गए। उसी दौरान बिजली बंद होने से घर में करंट नहीं फैला और हादसा होने से बचा। तार टूटने के कारण रात भर 40 गांवों की बिजली बंद रही।
सोमवार करीब 11 बजे लाइनमैन ग्रामीण के घर पर तार जोड़ने पहुंचे। ग्रामीण ने तार जोड़ने से मना कर दिया। इसको लेकर लाइनमैन व ग्रामीण में कहासुनी होने लगी। ग्रामीण ने कर्मचारियों को भगा दिया। इसकी जानकारी पर जेई अजय कुमार ग्रामीण के घर पहुंचे और उसको समझा कर तार जुड़वा दिया। इसके बाद गांवों की बिजली चालू की गई।