हॉटस्पाट एरिया सैनिटाइज, सीलिंग का दायरा बढ़ा
फर्रुखाबाद। मुंबई से लौटे दंपति के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बुधवार को प्रशासन ने हॉटस्पाट एरिया बढ़ा दिया है। पूरा क्षेत्र पालिका की टीम ने लगकर सैनिटाइज किया। दूसरी टीम ने सफाई अभियान चलाया। अब रेलवे स्टेशन से बजरिया पुलिस चौकी की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह सील कर दिया गया है।
मंगलवार को जिस गली में पॉजिटिव मरीज का मकान था उसी को सील किया गया था, मगर बुधवार को प्रशासन ने रेलवे स्टेशन के पास से नवाब न्यामत खां की ओर जाने वाले मार्ग को ही सील कर दिया है। अब कोई भी बजरिया पुलिस चौकी की ओर नहीं जा सकेगा। नगर पालिका परिषद की दो टीमें सुबह आठ बजे ही हॉटस्पाट एरिया में पहुंच गईं।
एक टीम ने गलियों के दोनों ओर के मकानों के अलावा जिस घर में पॉजिटिव मरीज रुका था, उसे भी सैनिटाइज किया। दूसरी टीम ने पूरे मोहल्ले में नालियों आदि को साफ करने का अभियान चलाया। किसी के भी अंदर जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। हॉटस्पाट का दायरा पॉजिटिव मरीज के मकान से पांच-छह सौ मीटर क्षेत्र में कर दिया है। इस क्षेत्र में रोजमर्रा की जरूरत का सामान प्रशासन अपनी देखरेख में पहुंचाएगा।
पालिका की टीम के पहुंचने के बाद ईओ रश्मि भारती ने भी मौके का जायजा लिया। उन्होंने टीमों को निर्देश दिए कि वह पूरी सावधानी के साथ पूरा क्षेत्र सैनिटाइज करें। यही नहीं गलियों की नालियां भी पूरी तरह से साफ कर दें। सफाई और सैनिटाइजेशन का काम निरंतर करते रहें। उन्होंने कहा कि कोई दिक्कत होने पर उन्हें अवगत कराएं।
सभी बैरियरों पर पुलिस बल बढ़ाया
नवाब न्यामत खां मोहल्ले में जाने वाले चार मार्गों पर बैरियर लगाए गए हैं। इन सभी पर पुलिस बल मुस्तैद किया गया है। 24 घंटे किसी को भी यहां से प्रवेश देने की अनुमति नहीं है। मकान शहर कोतवाली क्षेत्र में होने की वजह से सुरक्षा का जिम्मा भी कोतवाली पुलिस पर है।