फर्रुखाबाद। डॉ.राममनोहर लोहिया पुरुष व महिला अस्पताल को कायाकल्प अवार्ड मिला है। इसमें महिला अस्पताल ने 88 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में 17वां स्थान पाया है।
कायाकल्प अवार्ड योजना के तहत शासन से आई टीम ने आठ बिंदुओं पर लोहिया अस्पताल का सर्वे किया था। इसमें रखरखाव, सफाई, बायो मेडिकल निस्तारण, ईको फ्रेंड्ली, इंफेक्शन कंट्रोल, सहयोगी सेवाएं, स्वच्छता को बढ़ावा देने के कार्य देखे गए थे। इसके बाद शासन से अस्पतालों की प्रत्येक बिंदु पर मार्किंग की गई। इसमें डॉ.राममनोहर लोहिया महिला अस्पताल को 88.22 फीसद अंक मिले है।
प्रदेश में 17वीं रैंक व मंडल में प्रथम स्थान मिला। शासन से इसे तीन लाख 75 हजार रुपये पुरस्कार मिलेगा। महिला अस्पताल को पिछले पांच वर्षों से अवार्ड मिल रहा है। पुरुष अस्पताल को 78.66 फीसदी अंक के साथ प्रदेश में 55वीं रैंक मिली है। इस अस्पताल को तीन लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
इस धनराशि का 75 प्रतिशत हिस्सा अस्पताल की व्यवस्थाओं पर जबकि 25 प्रतिशत स्टाफ को प्रोत्साहन के तौर पर दिया जाएगा। क्वालिटी एनश्योरेंस के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ.दलवीर सिंह ने बताया कि दोनों अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जाती हैं।
महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ.कैलाश दुल्हानी ने बताया कि अवार्ड की सफलता के लिए सभी कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। जनपदीय सलाहकार क्वालिटी एनश्योरेंस डॉ.शेखर यादव ने बताया कि चेक लिस्ट के आधार पर स्वास्थ्य केंद्रों का तीन चरणों में असेसमेंट किया जाता है। तीनों चरणों में 70 प्रतिशत से अधिक अंक मिलने पर अस्पतालों को प्रशस्तिपत्र व अवार्ड धनराशि दी जाती है।