फर्रुखाबाद। वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में 26,170 करोड़ रुपये आवंटित किए जाने से शहरी क्षेत्र के बेघर लाभार्थियों के चेहरे खिल गए हैं। उम्मीद जगी है कि आशियाना बनाए जाने के लिए उन्हें भी जल्द ही किस्त (धनराशि) मिल जाएगी। जनपद में 4029 लाभार्थियों की सूची दो साल से लटकी पड़ी है।
वर्ष 2015 में शुरू हुई प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत नगर पालिका व नगर पंचायत में निवास करने वाले बेघर लोगों को तीन किस्तों में ढाई लाख रुपये आवास बनाए जाने के लिए दिए जाते हैं। जिला नगरीय विकास अभिकरण कार्यालय (डूडा) के माध्यम से लाभार्थियों को किस्त आवंटित होती है।
मौजूदा समय में जनपद में 15,795 लाभार्थियों के आवास स्वीकृत हैं। इनमें से 11,691 को प्रथम, 11,380 को द्वितीय व 6747 को तृतीय किस्त दी जा चुकी है। वहीं, 4029 लाभार्थी ऐसे हैं, जिनकी सूची लगभग दो साल से विभाग के पास लंबित पड़ी है। शासन ने अभी तक यह सूची मांगी ही नहीं, जिससे इनका जीओ टैग हो सके। अधिकारियों का कहना था कि बजट के चक्कर में सूची लंबित पड़ी है।
गुरुवार को पेश किए गए बजट में पीएम आवास योजना (शहरी) में धनराशि आवंटित होने से 4029 लाभार्थियों को लाभ मिलेगा। शमशेर खानी निवासी बुजुर्ग नसरीन बानो ने बताया कि दो साल पहले पीएम आवास योजना के तहत आवेदन किया था।
किस्त अभी नहीं मिली है। अब अधिकारी कह रहे हैं कि बजट मिल गया है। किस्त भी जल्दी मिल जाएगी। मजबूरी में छोटे-छोटे बच्चों के साथ टिनशेड के नीचे रहकर गुसर-बसर कर रहे हैं।
पीएम आवास योजना शहरी पर नजर
चयनित लाभार्थी - 15,795
प्रथम किस्त - 11,691
द्वितीय किस्त - 11,380
तृतीय किस्त - 6747
लंबित लाभार्थी - 4029
-
बोले जिम्मेदार
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लिए सरकार ने 26,170 करोड़ बजट आवंटित किया है। इससे उम्मीद है कि अब शासन जल्द ही जनपद के लंबित 4029 लाभार्थियों की सूची जीओ टैग के लिए मांग सकता है। बजट मिलते ही इन लाभार्थियों के खातों में किस्त भेज दी जाएगी।
- गजराज सिंह, प्रभारी परियोजना अधिकारी, डूडा