फर्रुखाबाद। जनपद में शनिवार को 19 केंद्रों पर होमगार्ड भर्ती परीक्षा हुई। इससे सुबह से केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ लग गई। लंबी लाइनें लगवाकर तलाशी के बाद उन्हें परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया। दोनों पालियों में कुल 14208 अभ्यर्थियों में 3591 ने परीक्षा से किनारा कर लिया। जिलाधिकारी व एसपी ने केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्था देखी।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए जिले में 19 केंद्र बनाए गए हैं। 27 अप्रैल तक तीन दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। पहले दिन शनिवार को दोनों पालियों में 14208 अभ्यर्थियों की परीक्षा थी। पहली पाली के अभ्यर्थी सुबह से ही परीक्षा केंद्र पहुंच गए। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले पुलिस कर्मियों ने लंबी लाइन लगवाई।
केंद्र के गेट से परीक्षा कक्ष तक तीन बार तलाशी लेने के बाद प्रवेश दिया गया। पहली पाली में 7,104 अभ्यर्थियों में 5279 ही परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 1825 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दूसरी पाली में भी 7104 अभ्यर्थियों की परीक्षा थी। इसमें 1766 अनुपस्थित रहे। दोनों पालियाें में 14208 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 10617 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 3591 ने किनारा कर लिया। इससे 74.73 प्रतिशत उपस्थित व 25.27 प्रतिशत गैरहाजिर रहे।
डीएम व एसपी ने देखी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर व पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा के तहत परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कंट्रोल रूम व स्ट्रांग रूम का जायजा लिया। हालांकि व्यवस्थाएं ठीक मिलीं। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में निर्धारित 384 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 287, राजकीय इंटर कॉलेज में 384 के सापेक्ष 274 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। दुर्गा नारायण पीजी कॉलेज में 384 के सापेक्ष 282 परीक्षार्थी मौजूद थे। डीएम व एसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों को पारदर्शिता, निष्पक्षता से परीक्षा कराने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
-
गहनता से जांच के बाद परीक्षार्थियों को मिला प्रवेश
कमालगंज। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए नगर में तीन केंद्रों को स्थापित किया गया है। शनिवार सुबह से ही परीक्षा केंद्र श्री फिरोज गांधी जनता इंटर कॉलेज, आरपी इंटर कॉलेज व आरपी डिग्री कॉलेज के गेट पर परीक्षार्थियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। आठ बजे जैसे ही गेट पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हुई तो लंबी लाइनें लग गईं।
मुख्य गेट पर पुलिसकर्मियों ने परीक्षार्थियों की गहनता से जांच की। कपड़ें, जेब, बाल जांचने के बाद जूते व मोजे भी उतवाकर देखे गए। इसके बाद विद्यालय गेट पर मेटल डिटेक्टर मशीन से जांच की गई। प्रवेश पत्र के साथ एक पहचान पत्र देख कर केंद्र तक जाने की अनुमति दी गई। क्षेत्राधिकारी अमृतपुर अमरपाल सिंह ने तीनों परीक्षा केंद्रों पर पहुंच सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए। 9:30 बजे प्रवेश रोक दिया गया। दस बजे परीक्षा शुरू कर दी गई।
दूसरी पाली की परीक्षा के लिए एक बजे प्रवेश शुरू हो गया। इसके बाद तीन बजे परीक्षा शुरू हुई। दो घंटे की अवधि के बाद पांच बजे परीक्षा छुटी तो परीक्षार्थी घर जाने के लिए वाहनों की तलाश में जुट गए। परीक्षा केंद्रों के आस-पास परीक्षार्थियों के साथ आने वाले लोग छांव में बैठ कर इंतजार करते रहे। कुछ ने दीप केसरी मंदिर तो कुछ ने ठहरने के लिए गेस्ट हाउस की व्यवस्था की।