फोटो-26 वृद्धा आश्रम में बुजुर्गों संग होली खेलती साहसी बालिका टीम। संवाद
कायमगंज। होली के पावन पर्व पर साहसी बालिका संस्था की टीम ने नवाबगंज क्षेत्र के वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ रंगोत्सव मनाया। फूलों की होली से बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के दौरान फूलों की होली खेली गई और बुजुर्गों को मिठाई व वस्त्र वितरित किए गए।
रंगोत्सव में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरभि गंगवार के साथ प्रयागराज नारायण अस्पताल की डॉ. कविता शर्मा, नवाबगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार, समाजसेवी राजेश अग्रवाल सहित संस्था की सदस्य खुशबू मिश्रा, सिल्की मिश्रा, अंकुर मिश्रा, गरिमा, अंजू, चांदनी, दिव्या, निकेता और चिराग ने सक्रिय सहभागिता की। सभी ने वृद्धाश्रम में निवास कर रहे 71 वृद्ध पुरुष एवं महिलाओं के साथ टीम ने आत्मीयता से समय बिताया। संस्था की ओर से गुझिया, चिप्स, पापड़, रसगुल्ला, ग्लूकोज तथा वस्त्र वितरित किए गए।
विधायक डॉ. सुरभि गंगवार ने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं और उनके साथ त्योहार मनाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना की। अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।