डॉक्टरी परीक्षण में हीलाहवाली, पहुंचे विधायक
फर्रुखाबाद। दुष्कर्म पीड़ित किशोरी के डॉक्टरी परीक्षण में हीलाहवाली कर रहीं ड्यूटी डॉक्टर के आरोपी से मिल जाने की शिकायत पर भाजपा विधायक अस्पताल पहुंच गए। बुलाने पर भी डॉक्टर नहीं पहुंचीं। विधायक के कहने पर सीएमएस ने उनके खिलाफ पत्र लिख दिया है। अब कार्रवाई का इंतजार हैै।
जहानगंज थाना क्षेत्र निवासी किशोरी के साथ गांव के ही आमिल ने दुष्कर्म किया। बाद में भट्ठा मालिक राजू, आमिल के परिजनों जुल्फिकार, आकिल, जाकिल ने पीड़िता की मां और पिता को जान से मारने की धमकी दी। हालांकि बाद में पुलिस ने पांचों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया था।
पीड़िता को मंगलवार शाम सात बजे लोहिया महिला अस्पताल में डॉक्टरी के लिए लाया गया। उस समय ड्यूटी पर तैनात डॉ. ममता अरुण ने मेडिकोलीगल करने में हीलाहवाली की। परिजनों और साथ में आई महिला सिपाही से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पीड़िता के परिजनों ने भोजपुर भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह राठौर से फोन पर कहा कि आरोपी डॉक्टर से मिल गए हैं। विधायक ने एसपी को सूचना दी। कुछ ही देर में महिला थाने की इंस्पेक्टर अस्पताल पहुंच गईं।
देर रात विधायक लोहिया महिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे। पीड़िता के परिजनों और महिला सिपाही ने पूरी बात बता दी। विधायक ने सीएमएस डॉ. कैलाश दुल्हानी से डॉक्टर के खिलाफ लिखने को कहा। सीएमएस ने डॉक्टर के खिलाफ सीएमओ को पत्र लिख दिया है। सीएमएस ने बताया कि पहले भी डॉ. ममता अरुण की एक बार इसी तरह की शिकायत आ चुकी है। उस वक्त भी उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया था। देर रात डॉ. कृष्णा बोस ने किशोरी का डॉक्टरी परीक्षण किया है।
आरोपी आमिल गिरफ्तार
दुराचार के आरोपी आमिल को थानाध्यक्ष दिनेश गौतम ने गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को मुबारकपुर चौराहे से दबोचा है। वह भागने की फिराक में वाहन का इंतजार कर रहा था। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।