फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल को स्लो-नेट स्पीड से निजात मिल गई है। मंगलवार को हाईस्पीड नेट सेवा शुरू कर दी गई। इससे ई-अस्पताल के संचालन में आ रही बाधाएं भी समाप्त हो जाएंगी। सात सौ मीटर फाइबर लाइन डालने के बाद यह कामयाबी मिली है।
लोहिया अस्पताल में अभी तक बीएसएनएल के ब्राडबैंड से नेट चलाया जा रहा था। इससे ओपीडी में ऑनलाइन पर्चा काउंटर चलाने में बड़ी समस्या आ रही थी। अस्पताल को ई-अस्पताल से जोड़ने में भी इंटरनेट सेवा बाधक बनी हुई थी। कुछ दिन पहले इमरजेंसी में भी ऑनलाइन पर्चे काटे जाने लगे। ब्लड बैंक, सीटी स्कैन, लैब आदि को भी ऑनलाइन किया जा चुका है। मगर नेट की स्पीड कम होने के चलते चालू नहीं किया जा सका। इसी को देखते हुए नेट प्रदाता कंपनी से एग्रीमेंट किया गया।
कंपनी ने सात सौ मीटर फाइबर लाइन डालने के बाद पूरे अस्पताल में लाइनें बिछा दीं। मंगलवार को कंपनी ने कनेक्टिविटी शुरू कर दी। कंपनी के कर्मचारी प्रीतम शर्मा ने बताया कि कंपनी 200 से 500 मेगाबाइट प्रति सेकेंड (एमबीपीएस) स्पीड प्रदान करेगी। आमतौर पर मोबाइलों में 10 से 50 एमबीपीएस की स्पीड मिलती है। हाईस्पीड मिलने से अस्पताल के सभी विभाग निर्बाध रूप से काम करेंगे। इसका अस्पताल में आने वाले मरीजों को खासा फायदा होगा।