फर्रुखाबाद। एक नवंबर को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा व पांचालघाट पुल की मरम्मत को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने भारी वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया है। सुबह छह बजे से सीमा पर ही भारी वाहनों को रोककर रात आठ बजे तक जिले में प्रवेश न देने के आदेश दिए हैं।
जिले की सीमा के अंदर ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डंपर, लोडर आदि भारी वाहन प्रवेश नहीं कर सकेंगे। एसपी ने कानपुर से फतेहगढ़ आने वाले माल वाहनों को जनपद कन्नौज के गुरसहायगंज से छिबरामऊ की ओर मोड़ने के आदेश दिए हैं। छिबरामऊ से जहानगंज होकर फतेहगढ़ आने वाले वाहनों को छिबरामऊ से बेवर की ओर मोड़ा जाएगा। मैनपुरी के बेवर से फतेहगढ़ आने वाले वाहन बेवर में ही रोक दिए जाएंगे। एटा से फतेहगढ़ आने वाले वाहन बिराहिमपुर अलीगंज में रोकने के आदेश हैं। शाहजहांपुर से आने वाले वाहन अल्लागंज व हुल्लापुर में और शमसाबाद ढाईघाट आने वाले वाहन जरियनपुर में रोके जाएंगे। वहीं जनपद हरदोई से फतेहगढ़ आने वाले वाहनों को सवायजपुर थाने के रूपापुर में ही रोकने के आदेश दिए गए हैं।