फर्रुखाबाद। दशहरा पर मंगलवार को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन किया गया है। शहर में भारी व माल वाहक वाहन के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। यह व्यवस्था सुबह छह बजे से रात दशहरा मेला समाप्त होने तक लागू रहेगी। इस दौरान वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकाले जाएंगे।
जनपद मैनपुरी और बेवर की ओर से आने वाले वाहन सेंट्रल जेल से आईटीआई चौराहा होते हुए लालगेट की ओर जाएंगे। पांचाल घाट तिराहे से आने वाले वाहन मसेनी चौराहे से कादरीगेट तिराहा होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगे। कमालगंज की ओर से आने वाले वाहनों को छोटी जेल से सेंट्रल जेल चौराहा और फिर आईटीआई चौराहे की ओर से निकाला जाएगा।
दशहरा मेले के दौरान भीड़ वाले रास्तों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए नगर क्षेत्र में छोटे वाहनों के लिए दोपहर दो बजे से विशेष व्यवस्था लागू होगी। इन वाहनों को आवास विकास से लकूला की ओर निकाला जाएगा।
सीओ अभय वर्मा ने बताया कि दशहरा पर्व पर लोगों की सहूलियत और यातायात के सुगम संचालन के लिए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। वाहन चालक निर्धारित रूट का पालन करें, जिससे आवागमन में परेशानी न हो।