सीएचसी स्थित दफ्तार में घटना की जानकारी देते बीसीपीएम विनय मिश्रा।
- फोटो : FARRUKHABAD
बैरियर पर हुई नोकझोंक के बाद स्वास्थ्य कर्मी पर हमला
कायमगंज। कस्बा चौकी के पास बने बैरियर पर सीएचसी के बीसीपीएम से एक युवक ने गालीगलौज करने के बाद सीएचसी में उनके दफ्तर पर हमला कर तोड़फोड़ कर दी। सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। बीसीपीएम ने कोतवाली में एक के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
नगर में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद चौकी के पास बैरियर लगा है। यहां से जरूरतमंदों को ही गुजरने की इजाजत है। मंगलवार दोपहर सीएचसी के ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर (बीसीपीएम) विनय मिश्रा सीएचसी जा रहे थे। पुलिस कर्मियों के पूछने पर उन्होंने अपना परिचय दिया। तभी वहां मौजूद एक युवक ने गाली देते हुए कहा कि परिचय पत्र नहीं रख पाता है। इस पर नोकझोंक होने लगी। पुलिस कर्मियों ने मामला रफा दफा कर दिया।
विनय मिश्रा सीएचसी में अपने दफ्तर पहुंच गए। कुछ देर बाद वह युवक डंडा लेकर सीएचसी पहुंच गया। उसने विनय मिश्रा से मारपीट की और तोड़फोड़ कर दी। इसमें मेज का शीशा व कुछ अन्य समान टूट गया। वहां रखे जरूरी कागजात फाड़ दिए। सूचना पर डॉ. विपिन कुमार, डॉ. अमरेश, डॉ. संदीप आदि पहुंचे।
इससे पहले हमलावर वहां से जा चुका था। मामले की सूचना एसडीएम अमित आसेरी व अन्य अधिकारियों को भी दी गई है। कोतवाल डॉ. विनय राय ने बताया सूचना मिली है। विनय मिश्रा ने कोतवाली आने को कहा, लेकिन अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।