कायमगंज। दिल्ली से लौटा युवक बुखार, खांसी होने पर खुद ही जांच कराने पहुंचा। युवक को आइसोलेशन वार्ड में लिटाया तो शौच के बहाने वहां से भाग गया। कैंप के प्रभारी ने इंस्पेक्टर को पकड़कर लाने की जिम्मेदारी दी है।
क्षेत्र के गांव अताईपुर निवासी 22 वर्षीय युवक 26 मार्च को दिल्ली से अपने गांव लौटा था। उसे तेज बुखार, खांसी, जुकाम होने पर वह खुद ही स्पेशल फ्लू कैंप में जांच कराने पहुंचा। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उसे आइसोलेशन वार्ड में लिटा दिया। एंबुलेंस के लिए सीएचसी को बताया गया। चंद मिनटों में ही युवक ने शौच जाने का बहाना बनाया और वहां से खिसक लिया।
कैंप प्रभारी राजस्व कर्मी सतेंद्र कटियार व मुरारी लाल गुप्ता ने प्रधान को सूचना देकर उसकी छानबीन की तो बताया कि वह घर भी नहीं पहुंचा है। सतेंद्र कटियार ने इंस्पेक्टर विनय राय को सूचना दी है। कहा कि संबंधित युवक की तलाश कर उसे मंगलवार को कैंप में लाया जाए। जिससे उसका नमूना लेकर कोरोना जांच के लिए भेजा जा सके। सोमवार को ओपीडी में डॉ. प्रतोष, डॉ. विकास शर्मा व डॉ. आशय गुप्ता ड्यूटी पर रहे। इस दौरान 95 मरीजों को दवा दी गई। 108 की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई।