कोरोना से प्रधानाध्यापक की मौत, 115 संक्रमित
फर्रुखाबाद। जनपद में शनिवार को आई कोरोना जांच रिपोर्ट में सर्वाधिक 115 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसमें सेंट्रल जेल के 27 वृद्ध कैदियों सहित कुल 77 कैदी शामिल हैं। वहीं कोरोना संक्रमित एक प्रधानाध्यापक की मौत हो गई। इससे संक्रमण से मरने वालों का संख्या 38 हो गई है। जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 2397 हो गई है। इनमें 1817 लोग ठीक हो चुके हैं। अभी जिले में 542 केस एक्टिव हैं।
राजेपुर क्षेत्र के गांव कुसुमापुर प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक शहर के मोहल्ला बालाजीपुरम निवासी नारायण शंकर मिश्र (38) कोरोना संक्रमित हो गए थे। उनका सैफई में इलाज चल रहा था। शुक्रवार शाम उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं सेंट्रल जेल फतेहगढ़ में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को हुई जांच में 77 कैदियों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इनमें 27 वृद्ध कैदी भी शामिल हैं।
इनकी उम्र 60 से 85 वर्ष के बीच है। इसके अलावा शहर के मोहल्ला मदारवाड़ी, बूरावाली गली, भगुआ नगला, बरौन, गाड़ीखाना, शीशमबाग, आवास विकास निवासी लोग भी संक्रमित निकले। इसके अलावा कायमगंज के गांव लखनपुर निवासी 6 लोग, कमालगंज के खंड शिक्षा अधिकारी सहित क्षेत्र के 10 लोग, मोहम्मदाबाद व शमसाबाद क्षेडत्र के तीन-तीन लोग संक्रमित हुए हैं। शनिवार को आई रिपोर्ट में कुल 115 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
सेंट्रल जेल में 114 और संक्रमित
सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक एसएचएम रिजवी ने बताया कि शनिवार को हुई जांच में 114 कैदी और संक्रमित मिले हैं। इससे जेल में अब तक कुल 214 कैदी संक्रमित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि संक्रमित कैदियों के लिए दो बड़ी बैरक व पांच छोटी बैरक खाली करा दी गई हैं। इन्हीं में संक्रमित मरीजों को आइसोलेट किया गया है।
दीवार के निर्माण से तो नहीं पहुंचा संक्रमण
सेंट्रल जेल में कुछ दिन पहले ही एक दीवार का निर्माण कराया गया था। इसमें बाहरी मजदूरों ने भी काम किया। इसके अलावा जेल के तीन बंदी रक्षक भी संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं खाना बनाने वाला कुक भी कोरोना की चपेट में आ चुका है। सूत्र बताते हैं कि बाहर से पहुंचने वाले सामान से भी संक्रमण कैदियों तक पहुंचा। दीवार निर्माण में लगे मजदूरों का भी पानी पीने के दौरान कैदियों से संपर्क हुआ। इससे भी संक्रमण फैलने की आशंका है।