अमृतपुर। ब्लॉक राजेपुर के प्राथमिक विद्यालय बलीपट्टी रानीगांव में दूध व दो रोटी अधिक मांगने पर छात्र को पीटने का आरोप प्रधानाध्यापक लगाकर शिकायत उपजिलाधिकारी से की गई है। एसडीएम ने प्रभारी थानाध्यक्ष को जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
गांव आसमपुर तितरफा निवासी सतेंद्र का बेटा कृष्ण प्राथमिक विद्यालय बलीपट्टी रानीगांव में कक्षा तीन में पढ़ता है। बुधवार को विद्यालय में मध्याह्न भोजन के तहत दूध का वितरण किया गया। आरोप है कि करीब 70 बच्चों के लिए मात्र दो लीटर दूध मंगाया गया। कृष्ण ने बताया कि उसे बहुत कम दूध और केवल दो रोटियां दी गईं। जब उसने दो रोटी और मांगी तो प्रधानाध्यापक नाराज हो गईं और उसकी पिटाई कर दी। छात्र रोते हुए घर पहुंचा और परिजन को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद छात्र की दादी सुदामा विद्यालय पहुंची और शिकायत की। आरोप है कि उन्हें भी वहां से भगा दिया गया। घटना की शिकायत एसडीएम रवींद्र सिंह से की गई। एसडीएम ने प्रभारी थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।