कमालगंज। हरदोई मार्ग का गंगा गली लिंक मार्ग कई स्थानों पर कट गया है। यह मार्ग जल्द ही बंद होने के कगार पर है। चाचूपुर व जंजाली नगला गांव के पास भी पानी पहुंच गया है। पंचायत घर से 10 मीटर दूर तक पानी चल रहा है। कुछ ही दिनों में दोनों गांवों के अंदर पानी पहुंचने की आशंका से ग्रामीण चिंतित हैं।
हरदोई मार्ग पर निर्माणाधीन पुल से कमालगंज आने के लिए नचकैया बरमदेव गंगा गली मार्ग होते हुए लिंक मार्ग है। ज्यादातर लोग भटपुरा के गांधीनगर होते हुए आने के बजाय गंगागली होते हुए ही कमालगंज आ जाते हैं लेकिन अब नचकैया बरमदेव मार्ग पर कई स्थानों पर बाढ़ का पानी भर गया है। इससे लिंक मार्ग कई स्थानों पर कट गया। बहोरनपुर टप्पा हवेली के जंजाली नगला के पास स्थित पंचायत घर से 10 मीटर तक गंगा आ गई हैं। जंजाली नगला व चाचूपुर के खेतों में पानी भर गया है।
-
1.45 करोड़ की सड़क चालू होने से पहले ही कटी
- पिछले साल गंगा गली के आगे चाचूपुर पुलिया से नचकैया बरमदेव मार्ग का शिलान्यास किया गया था। 1.45 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन यह सड़क पूरी बनने व चालू होने से पहले ही कटने लगी है। गंगा में पानी बढ़ने से सड़क का काफी हिस्सा पानी में जलमग्न हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क आधा मीटर ऊपर बनाई जाती तो ज्यादा नुकसान नहीं होता। जो मिट्टी सड़क पर डाली गई उसे दूर से लाने के बजाय सड़क के ही दोनों ओर गड्ढा करके उठा लिया गया। इससे सड़क के दोनों ओर नाले बन गए। इनमें बाढ़ का पानी भर गया और सड़क कट गई।