फर्रुखाबाद। गड्ढे में लावारिस पड़े नवजात को मसीहा मिल गया। पूर्व सैनिक ने बच्चे को लोहिया महिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
फतेहगढ़ क्षेत्र के लोको रोड मनोरंजन गृह के पास सोमवार की सुबह करीब चार बजे कुछ लोग टहलने जा रहे थे तो गड्ढे में नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। वहां जाकर देखा तो तौलिए में लिपटा नवजात रो रहा था। सूचना पर मोहल्ले के ही पूर्व सैनिक उदयवीर सिंह भी पहुंच गए।
इन्होंने नवजात बच्चे को कादरीगेट के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। बच्चे को सर्दी लगी थी। डा. आशा ने बच्चे का इलाज किया। इसके बाद इस नवजात को लोहिया महिला अस्पताल में लाया गया। यहां डा. कैलाश ने बताया कि नवजात को समय रहते इलाज मिल गया, इससे उसकी जिंदगी बच गई। इससे पहले भी मसेनी चौराहा के पास एक नवजात का शव मिला था।