कायमगंज। तंबाकू गोदाम में इटावा जीएसटी एसआईबी की टीम ने कई घंटे जांच की। शाम को टीम ने बताया कि गोदाम में रखे माल से ज्यादा स्टॉक रजिस्टर में इंट्री मिली है। व्यापारी को मिलान करने के लिए इटावा बुलाया गया है।
जीएसटी एसआईबी इटावा के उपायुक्त शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने बुधवार दोपहर गांव कलाखेल स्थित रुखसाना टुबैको कंपनी तंबाकू की गोदाम में छापा मारा। टीम की सभी गाड़ियां गोदाम के अंदर चली गईं। शाम तक टीम गोदाम में रखे माल का स्टॉक रजिस्टर से मिलान करती रही। देर शाम टीम गोदाम में जांच कर वापस चली गई। उपायुक्त शैलेंद्र सिंह ने बताया कि जांच में कोई खास कमी नहीं मिली है। व्यापारी का बीमार होना बताया गया है। स्टॉक रजिस्टर व माल में अंतर मिला है। जो माल गोदाम में मिला उससे ज्यादा रजिस्टर में इंट्री है। व्यापारी को 17 सितंबर को मिलान के लिए बुलाया गया है। इटावा एसआईबी की टीम में शामिल सहायक आयुक्त सुषमा उपाध्याय, सीटीओ अमीश अरोड़ा, वीरी सिंह, फर्रुखाबाद के सहायक आयुक्त अनिरुद्ध राय, अभिषेक मिश्रा मौजूद रहे।