संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। मथुरा जीआरपी में तैनात एक सिपाही ने संदिग्ध हालातों में विषाक्त पदार्थ खा लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिवार के लोगों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मंगलवार देर रात उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने की वजह से विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
इटावा जिले के थाना ऊसराहार के गांव नगला खेड़ निवासी संतोष कुमार (35) मथुरा जीआरपी में तैनात था। उसे मंगलवार देर रात परिजनों ने गंभीर हालत में आवास विकास तिराहा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे आवास विकास चौकी प्रभारी स्वदेश कुमार ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने से विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
कादरीगेट इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि संतोष मथुरा जीआरपी में तैनात था। उसने दूसरी शादी कर ली थी। इसको लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसी के चलते उसने जिले के बाहर कहीं विषाक्त पदार्थ खा लिया था। परिजनों ने आवास विकास तिराहा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसकी मौत हो गई।