कलक्ट्रेट सभागार में बैठक करते डीएम, एसपी।
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। कोरोना वायरस के नियंत्रण को 25 मार्च से चल रहे लॉकडाउन के बीच मंगलवार को कुछ प्रतिष्ठानों को चालू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बुदवार से सभी वर्कशाप, ईंट भट्ठा, खनन व सरकारी निर्माण कार्य चालू करने की अनुमति दी है। परचून की दुकानें भी पूरे समय खोली जाएंगी लेकिन इनके शटर आधे ही खुलेंगे। दुकानदारों को ग्राहकों को सामान घर तक ही पहुंचाना होगा।
कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने पत्रकारों को बताया कि तीन अप्रैल तक लागू लॉकडाउन के बीच एल-1 अस्पताल सीएचसी बरौन को छोड़कर सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं शुरू की जाएंगी। जिले में अब तक कोरोना संदिग्ध 244 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं। इनमें 189 की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है जबकि 55 नमूनों की अभी जांच रिपोर्ट आनी है। फिलहाल जिले में कोई भी कोरोना पाजिटिव नहीं मिला है। शासन के निर्देश व जिले की स्थिति संतोषजनक देखते हुए बुधवार से सभी वर्कशाप खोले जाएंगे।
खाद्य सामग्री में किराना, सब्जी, फल, दूध, पशुओं का चारा आदि दुकानों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए खोलने की अनुमति दी गई है। ग्रामीण क्षेत्र में ईंट भट्ठा, खनन व निर्माण संबंधी कार्य के अलावा कामन सर्विस सेंटर चालू किए जाएंगे। इससे किसान अपना गेहूं सरकारी खरीद केंद्रों पर बेचने के लिए पंजीकरण करा सकेंगे।
इसके अलावा इलेक्ट्रीशियन, कंप्यूटर व मोबाइल रिपेयरिंग, मोटर मैकेनिक व कारपेंटर की दुकानें खोली जा सकेंगी। किराना की दुकानों के लिए खास निर्देश है कि वे अपना शटर आधा ही खोलेंगे और ग्राहकों को सामान की होम डिलीवरी ही करेंगे। इक्का दुक्का ग्राहक के आने पर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए ही सामान देंगे।
एसीएमओ के खिलाफ शासन को जा चुका पत्र
सीडीओ डा.राजेंद्र पैंसिया ने चार दिन पहले सीएमओ कार्यालय का निरीक्षण किया था। इस दौरान एसीएमओ सहित कई कर्मचारी गैरहाजिर व कार्यों में लापरवाही मिली थी। इस सवाल के जवाब में जिलाधिकारी ने कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट उन्हें मिल चुकी है। एसीएमओ डा. दलवीर सिंह के खिलाफ वह पहले ही शासन को लिख चुके हैं, जबकि काम न करने वाले अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के सीएमओ को आदेश दिए गए हैं।