कायमगंज। नियमों की अनदेखी कर कायमगंज ब्लाॅक की पांच ग्राम पंचायतों में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी ने खुद की फर्म में ही करीब एक लाख से अधिक का भुगतान ले लिया है। महिला प्रधान ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की तो बीडीओ ने जांच शुरू की है।
ग्राम पंचायत नरैनामऊ की प्रधान किरण देवी ने जिलाधिकारी डॉॅ. वीके सिंह को शिकायती पत्र दिया। इसमें कहा कि ब्लाॅक की ग्राम पंचायत लालपुर पट्टी, चिलौली, नरैनामऊ, मुदौल, शिवरई वरियार के ग्राम पंचायत अधिकारी अपनी निजी फर्म कृष्णा एसोसिएट के नाम भुगतान ले रहे हैं। इसमें कुछ अधिकारियों की भी सांठगांठ है। वहीं, शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी पंचायत और सरकारी कर्मचारी ही नहीं बल्कि इनके परिवार और रिश्तेदारों की फर्म को न तो काम दिया जा सकता है और न भुगतान। इसके बावजूद पंचायत सचिव ने खुद की फर्म में ही भुगतान कर लिया। जिलाधिकारी ने मामले की जांच करने को कहा है।
बीडीओ सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि शिकायत उनके कार्यालय में आ चुकी है। इसकी जांच ज्वाइंट बीडीओ मनीराम शाक्यवार कर रहे हैं।