फर्रुखाबाद। बरेली-इटावा हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने डिवाइडर पर रेलिंग तोड़कर सामने से आ रही बरातियों से भरी बोलेरो में टक्कर मार दी। इससे आठ बराती घायल हो गए।
घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां युवा गल्ला व्यापारी आकाश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों में चार को बरेली, लोहिया, सैफई व निजी अस्पताल में एक-एक भर्ती कराए गए हैं। दुर्घटना की वजह डंपर चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।
अमृतपुर थाने के गांव कुम्हरौर निवासी धर्मेंद्र सिंह चौहान के पुत्र की शादी थी। इसमें शामिल होकर छिबरामऊ से लौट रहे बरातियों से भरी बोलेरो में शनिवार आधी रात के बाद मसेनी के पास तेज रफ्तार डंपर ने डिवाइडर व रेलिंग तोड़कर टक्कर मार दी।
सामने से हुई भीषण टक्कर के बाद बराती बोलेरो में फंस गए। सूचना मिलते ही पहुंचे पांचाल घाट चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा ने आसपास के लोगों के सहयोग से घायलों को निकालकर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में कुम्हरौर निवासी आकाश गुप्ता (28) को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि गांव के ही कार चला रहे मालिक विनय (30), यदुवीर (45), अंकित (18), अजय उर्फ गोविंद (22), अवधेश सिंह (40), जयवीर (50) और शाहजहांपुर जिले के थाना मिर्जापुर के गांव काकर कठा निवासी यदुवीर (45) को रेफर कर दिया गया।
परिजन अजय, विनय, अंकित व जयवीर को बरेली ले गए, जबकि गोविंद का सैफई, यदुवीर का आवास विकास के निजी अस्पताल और अवधेश का लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में ले लिया है। डंपर चालक भाग गया।
घर का इकलौता चिराग था आकाश, 13 फरवरी को होनी थी शादी
आकाश अपने पिता राजेश गुप्ता के साथ गल्ला खरीदने का काम कई साल से कर रहा था। उसने घर की जिम्मेदारी संभाल ली थी। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। दो बहनों की शादी हो चुकी है। मां और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। आकाश की शादी दो माह पहले तय हो गई थी। उसकी बरात 13 फरवरी को शाहजहांपुर जिले के बाराकलां निवासी नन्हें भैया गुप्ता के घर जानी थी। दुर्घटना की सूचना मिलने पर बाराकलां के रिश्तेदार भी पहुंचे।
आधा घंटा लगा जाम
हाईवे की मोटा डिवाइडर व रेलिंग तोड़कर दूसरी तरफ भीषण टक्कर को लेकर तरह-तरह की आशंका जताई जा रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि बोलेरो की हालत बता रही है कि डंपर की स्पीड काफी तेज होगी। इसी दौरान चालक को झपकी आने से डंपर अनियंत्रित होकर दूसरी तरफ घुस गया। दुर्घटना के बाद आधा घंटे तक जाम लगा रहा।
फोटो-6 आकाश गुप्ता। फाइल फोटो
फोटो-6 आकाश गुप्ता। फाइल फोटो